मुजाहिद शहीद इमाम की बरसी के कार्यक्रमों की प्रबंधन कमेटी का गठन

मुजाहिद शहीद इमाम की बरसी के कार्यक्रमों की प्रबंधन कमेटी का गठन

शहीद इमाम आयतुल्लाहिल उज़्मा ख़ामेनेई के विचारों और रचनाओं के संरक्षण व प्रकाशन विभाग के प्रमुख हुज्जतुल इस्लाम वलमुस्लेमीन सैयद मोहसिन ख़ामेनेई के हुक्म से, शहीद इमाम ख़ामेनेई की बरसी की कमेटी का गठन हुआ और उसके सदस्य नियुक्त हुए।

उप राष्ट्रपति डॉक्टर मोहम्मद रज़ा आरिफ़, आस्ताने क़ुद्स रज़वी के मुतवल्ली हुज्जतुल इस्लाम वलमुस्लेमीन मर्वी, बसीज फ़ोर्स के प्रमुख हुज्जतुल इस्लाम वलमुस्लेमीन ताएब, इस्लामी इंक़ेलाब के सर्वोच्च नेता के सलाहकार डॉक्टर ग़ुलाम अली हद्दाद आदिल, ईरान की इमामे जुमा परिषद के प्रमुख हुज्जतुल इस्लाम वलमुस्लेमीन हाज अली अकबरी और तेहरान के मेयर डॉक्टर अली रज़ा ज़ाकानी, इस कमेटी के सदस्य हैं। 

यह कमेटी 28 फ़रवरी 2027 को, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर इस्लामी इंक़ेलाब के शहीद रहबर की बरसी के प्रोग्रामों की निगरानी करेगी। इस हुक्म में शहीद इमाम मुजाहिद के विचार और व्यवहार के वर्णन, उनकी शख़्सियत के आयामों के चित्रण, इस पाकीज़ा रहबर के रास्ते और संदेश को जारी रखने के उद्देश्य से "शहीद इमाम मुजाहिद के मत" के प्रति जागरुकता बढ़ाने को इस कमेटी की ज़िम्मेदारियां बताया गया है।

इसी तरह ईरानी अवाम और उम्मत में मिशन के प्रति गहरी भावना तथा राष्ट्रीय व इस्लामी एकता को मज़बूत बनाने पर बल दिया गया है। अंतर्राष्ट्रीय ऑडियंस के दायरे और विविधता पर ध्यान, अवामी भागीदारी की कोशिश, सांस्कृति, कलात्मक, राजनैतिक और सामाजिक प्रोग्रामों की योजना और क्रियान्वयन, इस हुक्म के अन्य बिन्दु हैं। इसी तरह बेजा ख़र्च और औपचारिकताओं से बचने पर भी बल दिया गया है।

इस्लामी इंक़ेलाब के शहीद रहबर की कमेटी के सदस्यों की नियुक्ति का आदेश इस प्रकार हैः बिस्मिल्लाह अर्रहमान अर्रहीम बेशक अल्लाह तआला ने मोमेनीन से उनकी जानें ख़रीद ली हैं और उनके माल भी इस क़ीमत पर कि उनके लिए बहिश्त है, वह अल्लाह की राह में जंग करते हैं, तो वह मारते भी हैं और ख़ुद भी मारे जाते हैं (उनसे) यह वादा उस (अल्लाह तआला) के ज़िम्मे तौरात, इंजील और क़ुरआन (सब) में है और अल्लाह से बढ़ कर कौन अपने वादे का पूरा करने वाला है? तो ऐ मुसलमानो! तुम इस सौदे पर जो तुम ने ख़ुदा से किया है, ख़ुशियां मनाओ, यही तो बड़ी कामयाबी है। ये तौबा करने वाले, अल्लाह की इबादत करने वाले, (उसकी) हम्द व सना करने वाले, (उसकी राह में) सैर व सयाहत करने वाले (या रोज़ा रखने वाले) रुकू व सुजूद करने वाले, नेकी का हुक्म देने वाले, बुराई से रोकने वाले और अल्लाह की मुक़र्रर कर्दा हुदूद की हिफ़ाज़त करने वाले हैं और (ऐ रसूल) मोमिनों को ख़ुशख़बरी दे दो। (और यही वो मोमिन हैं।) (सूरए तौबा आयत-111, 112)

अल्लाह का सलाम हो ऐतिहासिक स्तर पर मबऊस हुयी क़ौम के महान शिक्षक और उनके शहीद साथियों पर!

 अपने दौर की अकेली बेमिसाल शख़्सियत, इस्लामी इंक़ेलाब के चमकते सूरज, अज़ीज़ इस्लाम की व्यापकता की झलक, इमाम महदी की ग़ैबत के दौर में इस्लामी जगत के शहीदों के सरदार, नई इस्लामी सभ्यता के शिल्पकार, महान इमाम ख़ुमैनी की पाठशाला के सर्वश्रेष्ठ शिक्षित, महान नेता, मुजाहिद शहीद आयतुल्लाहिल उज़्मा सैयद अली ख़ामेनेई को श्रद्धांजलि देने; बलिदान देने के शानदार वाक़ए और इस हस्ती के रक्तरंजित उत्थान के सम्मान में जो क़ौमों को जागरुक बनाने और अल्लाह तथा मानवता के सबसे दुष्ट दुश्मनों के पतन को तेज़ी देने और "इस्लामी इंक़ेलाब के दूसरे चरण" के पहले दशक में सौभाग्य की चौटियों पर क़ौम और उम्मत के पहुंचने के समान है; इस्लामी ईरान और इंक़ेलाब की रक्षा में क़ौम और इस्लामी उम्मत तथा दुनिया के पीड़ितों की अज़ीम बेसत के कारनामे की याद मनाने के लिए; मुजाहिद शहीद इमाम की बरसी की कमेटी का गठन और आप लोगों को उसका सदस्य नियुक्त किया जा रहा है।

इस कमेटी की ज़िम्मेदारी है कि वह उनके नेक उत्तराधिकारी और इस्लामी जगत के रहबर, इमाम महदी के (अल्लाह उन्हें जल्द से जल्द ज़ाहिर करे) नाएब आयतुल्लाह सैयद मुज्तबा हुसैनी ख़ामेनेई के नज़रिए व निर्देश के तहत ईरान के शहीद आक़ा के विचार और व्यवहार के वर्णन, उस पाकीज़ा रहबर की राह और संदेश को जारी रखने के उद्देश्य से उनकी प्रकाशमय शख़्सियत के आयामों के चित्रण और "मुजाहिद व शहीद इमाम के मत" के प्रति जागरुकता बढ़ाने को अहमियत दे ताकि मबऊस हुयी क़ौम व उम्मत की इस स्थिति और क़ौमी व इस्लामी एकता की मज़बूती के साथ ही, धर्म, बुद्धि, ज्ञान और संकल्प के मैदान में आत्म निर्माण तथा नई इस्लामी सभ्यता की पृष्ठिभूमि के रूप में समाज के निर्माण की प्रक्रिया सरल व तेज़ हो।

यह कमेटी पूर्वी एशिया से लेकर यूरोप और उत्तरी अमरीका के मुसलमानों और अमरीका की यूनवर्सिटियों में फ़िलिस्तीन के समर्थक स्टूडेंट्स सहित जो शहीद इमाम के तीनों ख़तों के संबोधक थे, बड़े पैमाने पर अंतर्राष्ट्रीय ऑडियंस पर ध्यान दे और अवामी भागीदारी की कोशिश के साथ ही, संबोधकों की विविधता के मद्देनज़र सांस्कृतिक, कलात्मक, राजनैतिक और सामाजिक सभी आयामों से सटीक प्रोग्रामों की योजना बनाए और निर्धारित समय पर क्रियान्वयन करे। 

इसी तरह यह कमेटी शहीद इमाम की बेजा ख़र्च और औपचारिकताओं से बचने पर बारंबार ताकीद पर भी गंभीरता से ध्यान दे। उम्मीद है कि इस महान व पाकीज़ा हस्ती की याद के लिए सभी कोशिशों से हमारे सरपरस्त हज़रत इमाम महदी, कि अल्लाह उन्हें जल्द से जल्द ज़ाहिर करे, राज़ीं होंगे और कृपा करेंगे।

सैयद मोहसिन ख़ामेनेई

शहीद व मुजाहिद इमाम आयतुल्लाहिल उज़्मा ख़ामेनेई के विचारों और रचनाओं के संरक्षण व प्रकाशन विभाग के प्रमुख

14/11/2026