अवाम के विभिन्न वर्गों की शिरकत और इस्लामी इंक़ेलाब के सर्वोच्च नेता की तरफ़ से
ज़ैनबिया में हज़रत फ़ातेमा ज़हरा के शहादत दिवस पर शामे ग़रीबां के शोक कार्यक्रम का आयोजन
हज़रत फ़ातेमा ज़हरा सलामुल्लाह अलैहा के शहादत दिवस पर शामे ग़रीबां का शोक कार्यक्रम, शुक्रवार 13 नवम्बर 2026 को तेहरान में शहीद रहबर के शहादत स्थल के क़रीब स्थित ज़ैनबिया (इमामबाड़े) में आयोजित हुआ, जिसमें हज़ारों की तादाद में अज़ादारों ने शिरकत की।
यह प्रोग्राम मग़रिब और इशा की नमाज़ के तुरंत बाद शुरू हुआ। मजलिस से पहले जनाब, जवाद हैदरी ने इमाम महदी अलैहिस्सालम से (अल्लाह उन्हें जल्द से जल्द ज़ाहिर करे) तवस्सुल करते हुए हज़रत फ़ातेमा ज़हरा की शान में मर्सिया पढ़ा।
इसके बाद हुज्जतुल इस्लाम वलमुस्लेमीन सैयद मोहम्मद बाक़िर तबातबाई नेजाद ने मजलिस पढ़ी, जिसमें उन्होंने क़ुरआन मजीद की आयतों के हवाले से 'ओहोद' की जंग में मुसलमानों की हार के तीन कारण, कमज़ोर इरादा व हौसला, मतभेद व टकराव और दुनिया की लालच, गिनवाए और कहाः होशियार रहना चाहिए; क्योंकि ये तीनों तत्व किसी भी दौर में सत्य के मोर्चे में हार की बुनियाद बन सकते हैं; लेकिन ईरानी क़ौम और सत्य के मोर्चे ने अपनी दृढ़ता, मज़बूत इरादे और सामाजिक एकता से अमरीका को बड़ी हार का मज़ा चखाया।
मजलिस के बाद जनाब महमूद करीमी ने हज़रत फ़ातेमा ज़हरा सलामुल्लाह अलैहा के मसाएब का ज़िक्र किया, इस्लामी इंक़ेलाब के शहीद रहबर को श्रद्धांजलि दी और नौहा पढ़ा।
इस्लामी इंक़ेलाब के सर्वोच्च नेता की तरफ़ से, हज़रत फ़ातेमा ज़हरा सलामुल्लाह अलैहा के शहादत दिवस के उपलक्ष्य में शोक कार्यक्रम, शनिवार 14 नवम्बर 2026 को भी मग़रिब और इशा की नमाज़ के बाद आयोजित होंगे।
13/11/2026


